नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इस्लामिक धर्मगुरुओं के वीडियो अक्सर चर्चा का विषय बनते रहते हैं। इनमें से कुछ धर्मगुरु इस्लाम को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास करते हैं, तो कुछ अपने बयानों से विवादों में घिर जाते हैं। पाकिस्तान के एक प्रसिद्ध इस्लामिक स्कॉलर मौलाना तारिक मसूद का हाल ही में एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने महिलाओं की खूबसूरती और मातृत्व को लेकर अजीबोगरीब दावा किया है।

जितने अधिक बच्चे जन्म देंगी…

इस वायरल वीडियो में मौलाना मसूद कहते नजर आ रहे हैं कि महिलाएं जितने अधिक बच्चे जन्म देंगी, उतनी ही ज्यादा जवान नजर आएंगी। उनके अनुसार, अधिक बच्चों को जन्म देना महिलाओं की त्वचा में निखार लाता है और इससे उनकी खूबसूरती बनी रहती है। उन्होंने यहां तक कहा कि जो महिलाएं छह बच्चों के बाद संतान उत्पत्ति बंद कर देती हैं, वे बारह बच्चों की मां की तुलना में कम आकर्षक दिखती हैं।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है

उन्होंने यह भी दावा किया कि व्यायाम की तुलना में अधिक प्रसव महिलाओं को ज्यादा जवां बनाए रखता है। उनका यह तर्क सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच बहस का मुद्दा बन गया है। तारिक मसूद अपने विवादित बयानों के लिए पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं। इस बार भी उनका बयान कई लोगों को हैरान कर गया। कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स ने इसे हास्यास्पद बताया, वहीं कई लोगों ने तीखी आलोचना भी की।

बहस छिड़ गई

गौरतलब है कि मौलाना तारिक मसूद पाकिस्तान में एक प्रसिद्ध इस्लामिक प्रवक्ता हैं, जो धार्मिक ज्ञान को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। हालांकि, उनके कई बयान अक्सर समाज में विवाद का कारण बनते रहे हैं। इस वीडियो पर मचे बवाल के बाद एक बार फिर यह बहस छिड़ गई है कि धर्मगुरुओं को सार्वजनिक मंच से किस प्रकार की बातें कहनी चाहिए, जिनका समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़े।

Read Also: ट्रंप का नया दांव! 43 करोड़ में ‘गोल्ड कार्ड’ बेचकर देंगे अमेरिकी नागरिकता का शॉर्टकट