नई दिल्ली। डोनाल्ड ट्रम्प के अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद पूरे देश में अवैध प्रवासियों पर ताबड़तोड़ एक्शन शुरू हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डोनाल्ड ट्रम्प के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद पहले ही दिन 538 अवैध प्रवासियों को पकड़ा गया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने इसकी जानकारी दी है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 373 लोगों को हिरासत में लेकर कैंप भेजा है।
सभी पर गंभीर आरोप
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि गिरफ्तार किए गए और हिरासत में लिए गए सभी लोग बड़े अपराधी हैं। उनके ऊपर गंभीर आरोप लगे हैं, जिसमें रेप, हत्या और किडनैपिंग के मामले शामिल हैं। लेविट ने कहा कि ट्रम्प प्रशासन ने अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा डिपोर्टेशन ऑपरेशन शुरू किया है। हम अपराधियों को गिरफ्तार कर मिलिट्री प्लेन के जरिए उन्हें डिपोर्ट कर रहे हैं। हालांकि इन अवैध प्रवासियों को कहां पर भेजा गया है, इसकी जानकारी प्रशासन की ओर से नहीं दी गई है।
देशभर में छापेमारी
प्रेस सचिव ने आगे कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव से पहले अमेरिका की जनता से जो वादा किया था, अब वो वादा पूरा किया जा रहा है। राष्ट्रपति ट्रम्प अमेरिका की सीमाओं की सुरक्षित करने के लिए अपनी ताकत का हर संभव इस्तेमाल कर रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप दुनिया को स्पष्ट संदेश दे रहे हैं कि अगर आप हमारे देश में अवैध रूप से घुसने के बारे में सोच रहे हैं तो फिर आपको इसका अंजाम भुगतना होगा।
यह भी पढ़ें-
अमेरिका में बदलेगा कानून! ट्रंप 2029 में भी बन सकते हैं राष्ट्रपति, संसद में बिल पेश