नई दिल्ली। भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद यानी UNHRC की बैठक में पाकिस्तान को लताड़ लगाई है। कश्मीर मसले पर पाक को घेरते हुए भारत ने उसे एक विफल देश बताया। भारत ने कहा कि पेट पालने के लिए वो अंतरराष्ट्रीय सहायता पर निर्भर है। भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने दो टूक कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न हिस्सा है, इसकी बात करना पड़ोसी देश बंद कर दे।
क्षितिज ने कहा कि पिछले कुछ सालों में जम्मू-कश्मीर में अभूतपूर्व राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक प्रगति हुई है। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से प्रभावित कश्मीर अब सामान्य स्थिति में आ रहा है, यह सरकार की प्रतिबद्धता है। भारत हमेशा पाकिस्तान द्वारा किए गए निराधार और दुर्भावनापूर्ण संदर्भों का जवाब देने के लिए तत्तपर रहा है। वहाँ के तथाकथित नेताओं ने हमेशा झूठ फैलाया है।
बता दें कि संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के मानवाधिकार मंत्री आजम नजीर तरार ने कहा था कि कश्मीर में मानवाधिकार का उल्लंघन हो रहा है, इसे रोका जाना चाहिए। जवाब में भारत ने कश्मीर की प्रगति और विकास का हवाला दिया। भारत कश्मीर की संप्रभुता के साथ समझौता नहीं करेगा। भारतीय राजनयिक ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान को अपने लोगों पर ध्यान देना चाहिए। एक देश के रूप में वो मानवाधिकारों का हनन कर रहे हैं। अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न हो रहा है।
भारत ने संयुक्त राष्ट्र में कहा कि पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकी को बेशर्मी से अपने यहां पनाह देता है। उनकी बयानबाजी पाखंड से भरा है। उनके कृत्य में अमानवीयता और शासन में अक्षमता की बू आती है। वहीं भारत लोकतंत्र, प्रगति और अपने लोगों के लिए सम्मान सुनिश्चित करता है। पाकिस्तान को भारत से सीखना चाहिए।