नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा 2 अप्रैल से नए टैरिफ लागू करने के बाद अब तक 50 देश व्हाइट हाउस से संपर्क कर चुके हैं। अमेरिका के ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेन्ट ने रविवार को कहा कि पिछले बुधवार की घोषणा के बाद से 50 देश बातचीत के लिए आगे आए हैं। हालांकि इस दौरान देशों का नाम नहीं बताया गया।

ट्रंप प्रशासन की बढ़ेगी चुनौती

रविवार की सुबह एक टॉक शो में ट्रंप के शीर्ष आर्थिक सलाहकारों ने टैरिफ को अमेरिका की समझदारी भरी पहल बताया। ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा कि पिछले बुधवार की घोषणा के बाद से 50 से अधिक देशों ने अमेरिका के साथ बातचीत शुरू कर दी है, जिससे ट्रंप को मजबूती मिली है। हालांकि, बेसेंट और अन्य अधिकारियों ने देशों के नाम नहीं बताए। न ही उन्होंने बातचीत के बारे में विस्तृत जानकारी दी। लेकिन एक साथ इतने सारे देशों के साथ बातचीत करना ट्रंप प्रशासन के लिए चुनौती बन सकता है और आर्थिक अनिश्चितता बढ़ा सकता है।

वैश्विक व्यापार युद्ध होगा शुरू

आपको बता दें कि ट्रंप ने अमेरिकी आयात पर व्यापक टैरिफ की घोषणा करके दुनिया भर में तहलका मचा दिया है।  चीन ने तो जवाबी टैरिफ भी लगाया। वहीं भारत अभी इस मामले में खामोश है। दुनिया में वैश्विक व्यापार युद्ध और मंदी की आशंका पैदा हो गई। शनिवार को कई देशों से सभी आयातों पर ट्रंप के एकतरफा 10% टैरिफ वसूलना शुरू कर दिया है।