September 8, 2024
  • होम
  • कर्नाटक चुनाव: CM बोम्मई ने एग्जिट पोल के दावों को किया खारिज, कहा- UP में भी दिखाया था योगी नहीं आएंगे

कर्नाटक चुनाव: CM बोम्मई ने एग्जिट पोल के दावों को किया खारिज, कहा- UP में भी दिखाया था योगी नहीं आएंगे

  • WRITTEN BY: Vaibhav Mishra
  • LAST UPDATED : May 11, 2023, 10:20 am IST

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर सभी 224 सीटों पर बुधवार को मतदान समाप्त हो गया। वोटिंग समाप्त होने के साथ ही कल शाम न्यूज चैनलों ने अपने एग्जिट पोल के नतीजे भी जारी कर दिए। लगभग सभी एग्जिट पोल में कांग्रेस को सबसे बड़ी पार्टी दिखाया गया है, वहीं सत्ताधारी पार्टी बीजेपी को 100 से कम सीटें मिलती हुई दिख रही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का पार्टी जनता दल (सेक्युलर) को कई पोल्स ने किंग मेकर की भूमिका में दिखाया है। इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने आज सुबह एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यूपी में भी एग्जिट पोल में दिखाया गया था कि योगी आदित्यनाथ सत्ता में नहीं आने वाले हैं।

बहुमत के साथ बनाएंगे सरकार- बोम्मई

मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने हुबली में मीडिया से बात करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में एग्ज़िट पोल ने दिखाया था कि योगी जी वापस नहीं आएंगे लेकिन वे फिर से सरकार में आए। कर्नाटक में भी पिछली बार एग्जिट पोल में भाजपा को 80 और कांग्रेस पार्टी को 107 सीटें दी गई थीं, लेकिन नतीजे इसके उल्टे आए थे। सीएम बोम्मई ने कहा कि हमें विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

एग्जिट पोल में कांग्रेस पार्टी की सरकार

विभिन्न न्यूज चैनलों के एग्जिट पोल की मानें तो राज्य में इस बार कांग्रेस की सरकार बनती दिखाई दे रही है। दरअसल अधिकांश एग्जिट पोल्स के अनुसार कांग्रेस ही इस साल कर्नाटक चुनाव में अधिक सीटें हासिल करेगी। इंडिया टुडे से लेकर एशियानेट और टीवी भारतवर्ष ने भी कांग्रेस की झोली में ही मेजोरिटी और सीट्स डाली हैं। इस बात से ये तो साफ़ है कि राज्य में इस साल कांग्रेस ज्यादा सीटें हासिल करने जा रही हैं। लेकिन दूसरी ओर कई पोल्स कर्नाटक विधानसभा चुनाव में किसी पार्टी को पूर्ण बहुमत देते हुए नहीं दिख रहे हैं।

2018 में किसी को नहीं मिला था बहुमत

बता दें कि एग्जिट पोल ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या राज्य में त्रिशंकु विधानसभा बनेगी? क्योंकि पोल ऑफ़ द पोल्स बताते हैं कि राज्य में कांग्रेस को अधिकांश सीटों पर जीत हासिल होगी लेकिन भाजपा, कांग्रेस और JDS में से किसी भी पार्टी को क्लियर कट बहुमत नहीं मिलेगा। गौरतलब है कि पिछले चुनावी साल यानी 2018 में भी किसी पार्टी को पूर्ण रूप से बहुमत नहीं मिला था। पिछले विधानसभा चुनाव में भी गठबंधन (कांग्रेस+जेडीएस) की सरकार ने राज्य की सत्ता संभाली थी। हालांकि बाद में लोकसभा चुनाव का असर हुआ और बागी विधायकों की बदौलत भाजपा को बहुमत मिल गया, लेकिन 2018 के चुनाव नतीजों में भी त्रिशंकु विधानसभा रही थी।

Tags

विज्ञापन

शॉर्ट वीडियो

विज्ञापन