नई दिल्ली: साल 2020 में भारत सरकार ने टिकटॉक समेत करीब 200 चाइनीज ऐप्स पर राष्ट्रीय सुरक्षा और डेटा प्राइवेसी का हवाला देते हुए प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन अब चार साल बाद, इनमें से 36 ऐप्स ने भारतीय बाजार में वापसी कर ली है। इनमें पॉपुलर फाइल शेयरिंग ऐप Xender, वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म MangoTV, Youku, ऑनलाइन शॉपिंग ऐप Taobao और डेटिंग ऐप Tantan जैसे नाम शामिल हैं।
Xender, जो कभी भारत में काफी इस्तेमाल किया जाता था, अब “Xender: File Share, Share Music” नाम से एप्पल के ऐप स्टोर पर वापस आ चुका है। हालांकि यह फिलहाल गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा डेटिंग ऐप Tantan ने भी वापसी की है, लेकिन इसे अब TanTan – Asian Dating App नाम से रीब्रांड किया गया है।
वहीं Alibaba ग्रुप की ई-कॉमर्स ऐप Taobao और चाइनीज वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म MangoTV ने बिना किसी बदलाव के दोबारा एंट्री ली है। चीन की यूट्यूब जैसी वीडियो सर्विस Youku भी फिर से भारतीय यूजर्स के लिए उपलब्ध है।
कुछ कंपनियों ने भारतीय बाजार में लौटने के लिए भारतीय कंपनियों के साथ साझेदारी का रास्ता अपनाया है। उदाहरण के लिए, फैशन शॉपिंग प्लेटफॉर्म Shein ने रिलायंस के साथ करार किया है। इस समझौते के तहत, भारतीय यूजर्स का डेटा अब देश के भीतर ही सुरक्षित रहेगा। इससे पहले PUBG Mobile भी बैन के बाद दक्षिण कोरियाई कंपनी क्राफ्टन के तहत Battlegrounds Mobile India (BGMI) बनकर लौटा था। हालांकि BGMI को 2022 में फिर से प्रतिबंध झेलना पड़ा, लेकिन 2023 में नए नियमों के तहत इसे दोबारा शुरू कर दिया गया। हालांकि टिकटॉक जैसे बड़े ऐप की की अब तक भारत में वापसी नहीं हुई है। वहीं सरकार के नियमों का पालन करने के बाद ही बाकी प्रतिबंधित ऐप्स की वापसी की उम्मीद की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: इस दिन से शुरू हो रहा है एशिया का सबसे बड़ा AI इवेंट Mumbai Tech Week, जानें शेड्यूल