पटना। विकासशील इंसान पार्टी यानी VIP के प्रमुख व बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की घर में घुसकर हत्या कर दी गई है। दरभंगा जिले के अफ़ज़ल्ला पंचायत के सुपौल बाजार स्थित उनके पैतृक घर में उनकी हत्या कर दी गई। जीतन सहनी का शव क्षत-विक्षत हालत में घर के अंदर मिला है।
मुंबई से रवाना हुए मुकेश सहनी
जानकारी के मुताबिक जीतन सहनी घर में अकेले रहते थे। उनके दो बेटे मुकेश और संतोष सहनी हैं। बेटी की शादी हो चुकी है और वो मुंबई में रहती हैं। घटना की सूचना मिलते ही मुकेश सहनी मुंबई से दरभंगा के लिए रवाना हो गए हैं। बता दें कि मुकेश सहनी पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री रह चुके हैं। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में तेजस्वी यादव के साथ उन्होंने लगातार सभाएं की थीं। उनकी पार्टी VIP महागठबंधन में शामिल है।