नई दिल्ली। रेखा गुप्ता आज दिल्ली की 7वीं और चौथी महिला मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी। उनके साथ 6 विधायकों का नाम भी सामने आ रहा है, जो मंत्री बन सकते हैं। दोपहर 12 बजे दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम शामिल होंगे।
बुधवार शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता का नाम सीएम के तौर पर चुना गया। अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा को डिप्टी सीएम बनाया गया है जबकि विजेंद्र गुप्ता को स्पीकर बनाया गया है। जिन 6 विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है, उसमें प्रवेश वर्मा, जनकपुरी विधायक आशीष सूद, करावल नगर विधायक कपिल मिश्रा, राजौरी गार्डन से विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा, बवाना विधायक रविंद्र सिंह और विकासपुरी से पंकज सिंह शामिल हैं।
शालीमार सीट से चुनाव लड़ने वाली 50 वर्षीय रेखा गुप्ता ने राजनीतिक सफर की शुरुआत AVBP से की थी। रेखा दिल्ली विश्वविद्यालय की सचिव भी रह चुकी हैं। इसके अलावा उनका जुड़ाव शहरी और ग्रामीण दोनों जगहों से रहा है। रेखा का परिवार जुलाना( हरियाणा) में व्यापारी है। रेखा के पिता SBI में जॉब करते थे। इसी वजह से उनका परिवार दिल्ली शिफ्ट हुआ। रेखा अभी भी अपने गांव से जुड़ी हुईं हैं। रेखा शर्मा वैश्य समुदाय की हैं, दिल्ली में वैश्यों की संख्या अच्छी खासी है। वैश्य भाजपा का कोर वोटर रहा है।
बता दें कि दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। बीजेपी से जुड़े सूत्रों की मानें तो कार्यक्रम में हर क्षेत्र के करीब 30 हजार मेहमानों को न्योता भेजा गया है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री, भाजपा और NDA शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री तो शामिल होंगे ही। इसके अलावा उद्योगपति, फिल्म स्टार, क्रिकेट खिलाड़ी, साधु-संत और राजनयिक भी शपथ समारोह में शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें-
रेखा गुप्ता को दिल्ली CM बनाने के तीन कारण, उनकी ताजपोशी की पूरी कहानी
दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता कौन हैं? जानें उनके बार में सब कुछ