हरियाणा कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी, गन्नौर से कुलदीप शर्मा को टिकट, तोशाम में भिड़ेंगे भाई-बहन, दुष्यंत घिरे

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची रविवार रात जारी कर दी है। दूसरी लिस्ट में पार्टी ने नौ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इससे पहले शुक्रवार को 32 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई थी। इसके साथ ही कांग्रेस ने हरियाणा में अपने कुल 41 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है।

इन प्रत्याशियों को मिला टिकट

कांग्रेस की दूसरी लिस्ट में गन्नौर से कुलदीप शर्मा को,थानेसर से अशोक अरोड़ा को,तोहाना से परमवीर सिंह को,उचाना कलां से बृजेंद्र सिंह को,नांगल से मंजू चौधरी को,तोशाम से अनिरुद्ध चौधरी को,बादशाहपुर से वर्धन यादव को,मेहाम से बलराम डांगी को और गुरुग्राम से मोहित ग्रोवर को टिकट दिया गया है।

गन्नौर सीट से लड़ेंगे कुलदीप शर्मा

कांग्रेस ने गन्नौर सीट से लगातार चौथी बार कुलदीप शर्मा पर विश्वास जताया है। शर्मा दो बार 2009 और 2014 में विधायक रह चुके हैं। 2009 में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष चुने गए। 2019 में करनाल लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव हार गए थे। इनके पिता चिरंजी लाल शर्मा 4 बार करनाल से सांसद रहे हैं।

दुष्यंत चौटाला घिरे

दूसरी लिस्ट के 9 उम्मीदवारों में सबसे बड़ा नाम पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह का है। उन्हें पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के सामने उतारा गया है। भाजपा के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेन्द्र के बेटे हैं। लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में अपनी वापसी की थी। अब उचाना कलां सीट पर दुष्यंत चौटाला का सामना बृजेंद्र सिंह से होगा।

तोशाम में भिड़ेंगे भाई- बहन

तोशाम का मुकाबला दिलचस्प होने वाला है। यहां से किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी के सामने अनिरुद्ध चौधरी ताल ठोक रहे हैं। दोनों चचेरे भाई बहन हैं। इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के पोते और पोती में मुकाबला होना है।अनिरुद्ध चौधरी रणबीर महेंद्रा के बेटे हैं, जो बीसीसीआई के चेयरमैन रह चुके हैं। यह अनिरुद्ध का पहला चुनाव है।

Tags

Anirudh ChaudharyCongress listHaryana Election 2024Kuldeep SharmaShruti Chaudhary
विज्ञापन