नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में नई सरकार का गठन हो गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ 6 मंत्रियों ने रामलीला मैदान में पद की शपथ ली है। इनमें डिप्टी सीएम प्रवेश वर्मा के अलावा मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं इनमें सबसे अमीर कौन है? आइए आपको बताते हैं दिल्ली की नई कैबिनेट में कौन कितना मालामाल है।
रेखा गुप्ता की कुल संपत्ति 5.31 करोड़ रुपये है। वहीं, उन पर 1.20 करोड़ रुपये का लोन और अन्य देनदारियां हैं। रेखा गुप्ता के पास मारुति XL6 (2020 मॉडल) कार है। इसकी कीमत करीब 4.33 लाख रुपये बताई जाती है। उनके पति मनीष गुप्ता की कमाई काफी ज्यादा है।
दिल्ली के नए मंत्रियों में दो मंत्री अरबपति, तीन करोड़पति और एक लखपति हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के नए मंत्रियों में सबसे अमीर राजौरी गार्डन से जीते मनजिंदर सिंह सिरसा हैं। उनकी कुल संपत्ति 248.85 करोड़ रुपये है, जबकि उन पर 57.68 करोड़ रुपये का कर्ज है।
अरविंद केजरीवाल को हराकर डिप्टी सीएम बनने वाले प्रवेश वर्मा भी अरबपति हैं। उनकी कुल संपत्ति 115.63 करोड़ रुपये है। उन पर 74.38 करोड़ रुपये का कर्ज भी है। वर्मा और उनकी पत्नी ने बॉन्ड और डिबेंचर के अलावा कई कंपनियों में निवेश किया है। इन कंपनियों में अडानी टोटल गैस और अडानी पावर भी शामिल हैं।
करावल नगर से जीते कपिल मिश्रा की कुल संपत्ति 1.06 करोड़ रुपये है। उन पर 48.57 लाख रुपये का कर्ज है। उनके पास 1 लाख रुपए नकद हैं। उनके और उनकी पत्नी के बैंक खातों में 3,53,700 रुपए जमा हैं। बॉन्ड, डिबेंचर और शेयरों में उनके निवेश 1,65,982 रुपए है।
जनकपुरी से जीते आशीष सूद की कुल संपत्ति 9.22 करोड़ रुपये और कर्ज 5.92 करोड़ रुपये है। उनके परिवार के बैंक खातों में 4.03 करोड़ रुपये हैं। उनके परिवार ने बॉन्ड, डिबेंचर और शेयरों में निवेश किया है।
बवाना से जीते रविंदर इंद्राज सिंह की कुल संपत्ति 7.23 करोड़ रुपये और कर्ज 35.84 लाख रुपये है। वित्त वर्ष 2024 में उनकी आय 20.64 लाख रुपये थी। उनके बैंक खातों में 2.95 करोड़ रुपये हैं। वहीं, उन्होंने बॉन्ड, डिबेंचर और दूसरी कंपनियों में भी निवेश किया है।
इसके बाद विकासपुरी से जीते पंकज कुमार सिंह हैं, जिनकी कुल संपत्ति 4.94 करोड़ रुपये है। वह बॉन्ड, डिबेंचर और शेयरों में भी निवेश करते हैं। बीमा पॉलिसी के अलावा उनके पास 1.20 लाख रुपए के आभूषण भी हैं।
ये भी पढ़ेंः- यूपी की इस मस्जिद पर आज चलेगा बुलडोजर, रास्ते में बन रही थी रुकावट, अब होगी कार्रवाई