September 19, 2024
  • होम
  • यात्रा के दौरान माता वैष्णो देवी मार्ग पर हुआ लैंडस्लाइड, दुर्घटना से 3 लोगों की मौत

यात्रा के दौरान माता वैष्णो देवी मार्ग पर हुआ लैंडस्लाइड, दुर्घटना से 3 लोगों की मौत

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन के कारण गंभीर हादसा हो गया है। यह घटना हिमकोटी पर्वत के पास पंछी हेलीपैड के निकट हुई, जहां अचानक पहाड़ों से मलबा गिरने लगा। बता दें, इस दुर्घटना के बाद हेलीकॉप्टर सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। भूस्खलन के कारण यात्रा मार्ग पर काफी मलबा जमा हो गया है, जिससे स्थानीय प्रशासन को यात्रा को डायवर्ट करना पड़ा है। अब श्रद्धालुओं को पुराने मार्ग से आगे बढ़ाया जा रहा है।

हेलीकॉप्टर और कार सेवा बंद

भूस्खलन का कारण क्षेत्र में हो रही लगातार तेज बारिश बताई जा रही है, जिसने इस आपदा को और भी भयानक बना दिया है। वहीं लगातार बारिश के चलते राहत और बचाव कार्यों में भी कठिनाइयां आ रही हैं। प्रशासन ने खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर और बैट्री कार सेवा को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इस दौरान सेना के जवानों की टीम मार्ग को साफ करने और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के काम में जुटी हुई है।

तीन शव बरामद

इस भूस्खलन की चपेट में आने से तीन श्रद्धालुओं की जान चली गई है। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सूत्रों के मुताबिक, रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल से तीनों शव बरामद कर लिए हैं। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हिमकोटी मार्ग को बंद

भूस्खलन के कारण माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर पत्थर गिरने से हिमकोटी मार्ग को बंद कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग से यात्रा को पूरी तरह रोक दिया गया है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करें। वहीं किसी भी तरह की आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें। बता दें, श्राइन बोर्ड और सेना की टीमें मिलकर इस स्थिति से निपटने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही हैं।

यह भी पढ़ें: प्रेम करने पर लड़की को मिली ऐसी सजा, जान कर काम जाएगी रूह

Tags

विज्ञापन

शॉर्ट वीडियो

विज्ञापन