जगदीश शेट्टार की 7 महीने बाद BJP में घर वापसी, बोले- मोदी फिर बनेंगे पीएम

नई दिल्ली। कर्नाटक में लिंगायत समाज के दिग्गज नेता जगदीश शेट्टार सात महीने बाद घर वापसी करते हुए बीजेपी में फिर से शामिल हो गए हैं। जगदीश शेट्टार पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदुरप्पा और भूपेंद्र यादव ने उनको पार्टी में शामिल कराया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर भी वहां मौजूद रहे। पार्टी में शामिल होने के बाद जगदीश शेट्टार ने कहा कि पीएम मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे इसलिए भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

जगदीश शेट्टार कौन हैं?

बता दें कि जगदीश शेट्टार का जन्म कर्नाटक के केरूर में हुआ था। उन्होंने 1980 के दशक में जनता पार्टी के साथ अपने सियासी सफर की शुरूआत की थी। बाद में वो 1994 में भाजपा में शामिल हो गए। छह बार के बीजेपी विधायक ने 2012 और 2013 के बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे। जगदीश शेट्टार पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के साथ कर्नाटक में प्रमुख लिंगायत नेता हैं।

क्यों छोड़े थे बीजेपी?

जगदीश शेट्टार ने विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वो कांग्रेस में शामिल हो गए। बता दें कि कर्नाटक में लिंगायत समाज का खासा प्रभाव है तथा जगदीश शेट्टार लिंगायत समाज के बड़े नेता हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद जगदीश शेट्टार ने कहा था कि उनको सत्ता में रहने की भूख नहीं है। वो केवल सम्मान चाहते हैं। लेकिन शायद कांग्रेस में उनको वो सम्मान नहीं मिला जिसके लिए वो भाजपा छोड़ वहां गए थे।

Tags

Jagdish Shettarjagdish shettar bjpKarnataka newsKarnataka news in hindikarnataka politics
विज्ञापन