पटना। नेपाल में हुई भारी बारिश की वजह से बिहार में कोसी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया। राज्य के 12 जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। पिछले 24 घंटे में 7 तटबंध टूट गए हैं, जिस कारण नेपाल से सटे इलाके जलमग्न हैं। बाढ़ प्रभावित जिलों के स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन भी अपने तरफ से मुस्तैदी बरत रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक रविवार को सीतामढ़ी के मधकौल गांव में बागमती नदी के तटबंध में दरार आई वहीं पश्चिम चंपारण में गंडक नदी का तटबंध भी टूट गागा है। इस कारण बाढ़ का पानी वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में प्रवेश कर गया है। राज्य जल संसाधन विभाग ने कहा है कि बागमती नदी के जल स्तर में वृद्धि के कारण परसौनी, बेलसंड, बरगैनिया और रसलपुर ब्लॉकों में दाएं और बाएं तटबंधों पर रिसाव देखा गया है।
सूबे में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर सुपौल और पश्चिमी चंपारण के इलाके में देखने को मिल रहा है। अररिया में बारिश और बाढ़ की वजह से रेलवे ट्रैक पर पानी आ चुका है। एक दिन में 200 से अधिक गांव के करीब साढ़े 3 लाख की आबादी बाढ़ के चपेट में है। अगले 24 घंटे में पानी और बढ़ने की संभावना है। राज्य के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।