Arvind Kejriwal: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, शुक्रवार शाम को तिहाड़ से अंतरिम जमानत पर बाहर आ गए। सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा चुनवा के मद्देनजर केजरीवाल को बेल दिया। केजरीवाल 1 जून तक बाहर रहकर प्रचार करेंगे और 2 जून को फिर से सरेंडर करना पड़ेगा। इससे पहले बीते 3 चरण के चुनाव में वो जेल में रहने के कारण प्रचार नहीं कर पाए। हालांकि अब दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में जोर-शोर से प्रचार करते नजर आएंगे।
पूरा दम खम लगाएंगे केजरीवाल
पहले फेज के चुनाव में आम आदमी पार्टी असम में 2 सीटों पर चुनाव लड़ रही थी लेकिन उस समय केजरीवाल जेल में थे, तीसरे चरण में गुजरात की 2 सीटों पर प्रचार नहीं कर पाए। अब दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में चुनाव बाकी हैं तो वहां पूरा दम खम लगाते हुए नजर आएंगे। दिल्ली में प्रचार के लिए महज 12-13 दिन बचे हैं, यहां पर AAP 4 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दिल्ली में प्रचार से पार्टी को फायदा मिल सकता है।
22 सीटों पर चुनाव लड़ रही AAP
बता दें कि आम आदमी पार्टी लोकसभा की 22 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, इसमें से 4 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। बाकी बचे 18 सीटों पर पार्टी के मुखिया अब खुद प्रचार करते दिखेंगे। आप नेता संजय सिंह उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव और महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के लिए प्रचार करते नजर आ रहे हैं। हालांकि केजरीवाल सिर्फ AAP के लिए प्रचार करेंगे या फिर इंडिया गठबंधन के लिए यह अभी पार्टी ने तय नहीं किया है।
कैसा था 2019 का प्रदर्शन
2019 लोकसभा चुनाव में AAP ने निराशाजनक प्रदर्शन किया था। आम आदमी पार्टी कुल 35 सीटों पर चुनाव लड़ी लेकिन इसमें से महज एक ही सीट जीत पाई। जबकि 30 सीटों पर पार्टी के प्रत्याशी अपना जमानत तक नहीं बचा पाए। आप ने 9 राज्यों में अपने उम्मीदवार उतारे थे।