भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को मार्च 2025 का आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। अय्यर इस समय आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने यह अवार्ड न्यूजीलैंड के जैकब डफी और रचिन रवींद्र को पछाड़कर हासिल किया है।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अय्यर का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 243 रन बनाए और भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके दमदार प्रदर्शन के चलते भारत को लगातार दूसरा ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवार्ड मिला है। इससे पहले फरवरी महीने के लिए शुभमन गिल को यह सम्मान मिला था।
अय्यर का शानदार प्रदर्शन
अय्यर ने मार्च में कुल 3 मैच खेले, जिनमें उन्होंने 57.33 की औसत से 172 रन बनाए। चैंपियंस ट्रॉफी के ग्रुप मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 98 गेंदों में 79 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे। सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 45 रन और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 48 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। यह दूसरी बार है जब दो भारतीय पुरुष खिलाड़ियों ने लगातार यह अवार्ड अपने नाम किया है। इससे पहले साल 2021 में तीन भारतीय खिलाड़ियों ने जनवरी से मार्च तक यह सम्मान लगातार जीता था ऋषभ पंत (जनवरी), रविचंद्रन अश्विन (फरवरी) और भुवनेश्वर कुमार (मार्च)। श्रेयस अय्यर इससे पहले फरवरी 2022 में भी ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ रह चुके हैं।
महिला वर्ग में जॉर्जिया वोल को मिला सम्मान
ऑस्ट्रेलिया की युवा खिलाड़ी जॉर्जिया वोल को महिला कैटेगरी में मार्च 2025 का प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। उन्होंने एनाबेल सदरलैंड और अमेरिका की चेतना प्रसाद को पीछे छोड़ा। 21 वर्षीय वोल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 3-0 की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने तीनों मैचों में क्रमशः 50, 36 और 75 रनों की पारियां खेलीं। यह लगातार चौथी बार है जब महिला कैटेगरी में ऑस्ट्रेलिया की किसी खिलाड़ी को यह सम्मान मिला है।
Read Also: CSK Vs LSG: चेन्नई और लखनऊ में जंग आज, जानें पिच रिपोर्ट और संभावित प्लेइंग इलेवन