नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने 17 मार्च को अपने होमग्राउंड, चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक भव्य अनबॉक्स इवेंट का आयोजन किया। इस कार्यक्रम को लेकर पहले ही काफी चर्चा थी, खासकर इस सवाल पर कि क्या विराट कोहली इसमें शामिल होंगे। फैंस की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए विराट कोहली न केवल इस इवेंट में पहुंचे बल्कि उन्होंने नए कप्तान रजत पाटीदार की जमकर सराहना भी की।

नए कप्तान की तारीफ

इवेंट में बोलते हुए विराट कोहली ने कहा, “टीम में अगला बड़ा सितारा वही होता है जो उसे लंबे समय तक आगे ले जाता है। रजत पाटीदार के पास इस जिम्मेदारी को संभालने की क्षमता है। उनके कंधे मजबूत हैं और वह इस शानदार टीम का नेतृत्व करते हुए उसे सही दिशा देंगे। उनमें वे सभी गुण मौजूद हैं, जो एक सफल कप्तान बनने के लिए जरूरी होते हैं।” इसके साथ ही विराट कोहली ने RCB फैंस से अपील की कि वे नए कप्तान रजत पाटीदार को भरपूर समर्थन दें और इस सफर में उनका हौसला बढ़ाएं।

रजत पाटीदार की दमदार एंट्री

इस खास इवेंट में रजत पाटीदार को RCB का नया नायक बताया गया। उन्होंने स्टेज पर जबरदस्त अंदाज में एंट्री की और हाथ जोड़कर स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस का अभिवादन स्वीकार किया। उनके चेहरे पर आत्मविश्वास झलक रहा था और फैंस ने भी उनका जोरदार स्वागत किया।

रजत पाटीदार का कप्तानी अनुभव

हालांकि, रजत पाटीदार पहली बार IPL में किसी टीम की कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका कप्तानी का अच्छा अनुभव है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी 2024-25 में मध्य प्रदेश टीम की कमान संभाली थी और टीम को फाइनल तक पहुंचाया था। उस मैच में उन्होंने नाबाद 81 रन बनाए थे, हालांकि उनकी टीम खिताब जीतने से चूक गई थी। इसके अलावा, रजत पाटीदार ने विजय हजारे ट्रॉफी (50 ओवर टूर्नामेंट) में भी मध्य प्रदेश की कप्तानी की है। उनके इस अनुभव को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि वह RCB को मजबूती से आगे ले जाएंगे।

Read Also: IPL 2025:13 साल के युवा बल्लेबाज ने मचाया धमाल, लगाए लंबे लंबे छक्के, राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ में खरीदा