• होम
  • देश-प्रदेश
  • Weather Forecast: दिल्ली NCR के तापमान में आई गिरावट, गुजरात समेत कई राज्यों में गर्मी को लेकर अलर्ट जारी

Weather Forecast: दिल्ली NCR के तापमान में आई गिरावट, गुजरात समेत कई राज्यों में गर्मी को लेकर अलर्ट जारी

देशभर में मौसम ने करवट ली है, जिससे अलग-अलग राज्यों में भिन्न परिस्थितियां देखने को मिल रही हैं। उत्तर प्रदेश में तापमान में तेजी से उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने 16 मार्च को राज्य के 45 से अधिक जिलों में बारिश की संभावना जताई है. हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में अगले 24 घंटों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।

Weather Forecast 16 march 2025
  • March 16, 2025 8:16 am Asia/KolkataIST, Updated 14 hours ago

नई दिल्ली: देशभर में मौसम ने करवट ली है, जिससे अलग-अलग राज्यों में परिस्थितियां एकदम अलग है। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार, 15 मार्च को हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम शुष्क हो गया। वहीं राष्ट्रीय राजधानी में आज भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16-18 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

उत्तर भारत में बदले हालात

उत्तर प्रदेश में तापमान में तेजी से उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने 16 मार्च को राज्य के 45 से अधिक जिलों में बारिश की संभावना जताई है, जबकि 17 मार्च को मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। बिहार में भी गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शनिवार को खगड़िया का तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकांश जिलों में तापमान 30-35 डिग्री के बीच रहा।

राजस्थान में छाए बादल

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीते 24 घंटे में कई जगहों पर बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में रविवार को मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

गर्मी और लू का अलर्ट

ओडिशा, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में तापमान में बढ़ोतरी जारी है, जिससे मौसम विभाग ने इन राज्यों में लू चलने की आशंका जताई है। कर्नाटक के ऐनापुर हुबली गांव में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

हिमाचल और कश्मीर में बर्फबारी का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में अगले 24 घंटों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। कश्मीर के कई इलाकों में शनिवार को बर्फबारी हुई, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार को हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है।

ये भी पढ़ें: मेष से लेकर वृश्चिक राशि के जातकों को मिलेगा लक्ष्मी योग का लाभ, जानें क्या कहता है आज आपका राशिफल