नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी भारत में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है।

दिल्ली में सुहावना मौसम

शुक्रवार शाम दिल्ली में चली तेज हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम रहा। हालांकि, न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक था।

श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित

तेज हवाओं के कारण श्रीनगर हवाई अड्डे पर हवाई यातायात प्रभावित हुआ। अधिकारियों के अनुसार, 19 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि दो उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया। इसके अलावा, कई अन्य उड़ानों में देरी हुई।

अगले कुछ दिनों का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में 34 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जो कहीं-कहीं 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। रविवार और सोमवार को भी तेज हवाएं चलेंगी, जबकि मंगलवार और बुधवार को दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। गुरुवार से फिर मौसम साफ हो सकता है और गर्मी में बढ़ोतरी होगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंचने की संभावना है, जिससे दिल्लीवासियों को फिर से गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

 

यह भी पढ़ें- 

नासिक में सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज, नामकरण को लेकर भड़का विवाद