मौसम विभाग ने एक बार फिर बदलाव की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के अनुसार, सर्दी की वापसी हो सकती है और कई राज्यों में बारिश तथा तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। शनिवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई।
नई दिल्ली: उत्तर भारत में इन दिनों मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मैदानी इलाकों में दिन का तापमान बढ़ा हुआ है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में गर्मी जैसी स्थिति बनी हुई है। हालांकि मौसम विभाग ने एक बार फिर बदलाव की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के अनुसार, सर्दी की वापसी हो सकती है और कई राज्यों में बारिश तथा तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा।
शनिवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई। खासतौर पर यमुना किनारे बसे इलाकों में कोहरे का प्रभाव अधिक देखा गया। मौसम विभाग ने इस स्थिति को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई। शनिवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
#WATCH | Delhi | Visibility in the national capital is affected as a layer of dense fog engulfs the city
Visuals from ITO and Geeta Colony pic.twitter.com/5z7sgOrndo
— ANI (@ANI) February 1, 2025
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 1 फरवरी तक बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 3 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग ने 4 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया है। वहीं 3, 5 और 6 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा 3 और 5 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया गया है।
बदलते मौसम के चलते उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 5-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान 1-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, जबकि हिमाचल प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान में 1-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें: आज का राशिफल: कर्क, सिंह, तुला राशि के जातकों की किस्मत देगी साथ, बन रहा राजयोग