नई दिल्ली: आज साल का पहला चंद्र ग्रहण लग चुका है, लेकिन यह भारत में दिखाई नहीं देगा। वहीं पाकिस्तान ने बलूचिस्तान ट्रेन हाईजैक के लिए भारत पर आरोप लगाया, जिसे भारतीय विदेश मंत्रालय ने खारिज कर दिया। उधर कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी आज पीएम पद की शपथ लेंगे। आइए नजर डालते हैं आज की 5 पर:
1. साल का पहला चंद्र ग्रहण आज
साल 2025 का पहला चंद्र ग्रहण आज लग चुका है। यह ग्रहण भारतीय समयानुसार सुबह 9:29 बजे शुरू हुआ और दोपहर 3:29 बजे तक रहेगा। इस ग्रहण में अग्नि तत्व की प्रधानता मानी जा रही है। हालांकि यह चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। यह यूरोप, ऑस्ट्रेलिया के कुछ हिस्सों, उत्तरी-दक्षिणी अमेरिका, प्रशांत और अटलांटिक महासागर, उत्तरी व दक्षिणी ध्रुव समेत एशिया और अफ्रीका के कुछ इलाकों में नजर आएगा।
2. ट्रेन हाईजैक आरोप पर भारत ने दिया करारा जवाब
पाकिस्तान ने बलूचिस्तान में हुए ट्रेन हाईजैक की घटना के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया है। इस पर भारत के विदेश मंत्रालय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भारतीय विदेश विभाग ने कहा, “हम पाकिस्तान द्वारा लगाए गए निराधार आरोपों को सिरे से खारिज करते हैं। पूरी दुनिया जानती है कि पाकिस्तान वैश्विक आतंकवाद का केंद्र कहां है। पाकिस्तान को अपनी आंतरिक असफलताओं के लिए दूसरों पर दोष मढ़ने के बजाय अपने अंदर झांकना चाहिए।”
3. कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी आज लेंगे शपथ
कनाडा के नए प्रधानमंत्री के रूप में मार्क कार्नी आज शपथ लेंगे। वह देश के 24वें प्रधानमंत्री होंगे। उनका शपथग्रहण समारोह भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे राजधानी ओटावा के रिड्यू हॉल के बॉलरूम में होगा। मार्क कार्नी कनाडा के पूर्व केंद्रीय बैंक गवर्नर रह चुके हैं और राजनीति में उनका यह पहला बड़ा पद होगा।
4. होली और जुमे की नमाज पर देशभर में हाई अलर्ट
होली और जुमे की नमाज को देखते हुए पूरे देश में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उत्तर प्रदेश में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत 25 जिलों में पीएसी और आरएएफ की तैनाती की गई है। वहीं 12 जिलों में दोपहर 12 बजे के बाद और संभल में 2:30 बजे के बाद नमाज अदा की जाएगी। दिल्ली में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
5. होली पर दोपहर 2:30 बजे तक बंद रहेगी दिल्ली मेट्रो
होली के अवसर पर दिल्ली मेट्रो की सेवाएं दोपहर 2:30 बजे तक बंद की गई हैं । इसमें एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल है। हालांकि दोपहर के बाद मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से संचालित की जाएंगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने इस संबंध में जानकारी साझा की है।
ये भी पढ़ें: होली पर दिल्ली NCR में होगी बारिश, इन राज्यों में चलेगी लू, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम