• होम
  • देश-प्रदेश
  • आज की 5 बड़ी ख़बरें: गृह मंत्री अमित शाह का मिजोरम दौरा आज, पश्चिम बंगाल में 17 मार्च तक इंटरनेट सेवाएं बंद

आज की 5 बड़ी ख़बरें: गृह मंत्री अमित शाह का मिजोरम दौरा आज, पश्चिम बंगाल में 17 मार्च तक इंटरनेट सेवाएं बंद

भारत के गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे पर हैं, जहां वे आज असम और मिजोरम में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में इंटरनेट और मोबाइल कॉल सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। आइए जानते क्या हैं आज की 5 बड़ी ख़बरें

Amit Shah, Golden tample, West Bengal
  • March 15, 2025 9:41 am Asia/KolkataIST, Updated 13 hours ago

नई दिल्ली: भारत के गृह मंत्री अमित शाह आज मिजोरम का दौरा करेंगे। यह दौरा पूर्वोत्तर राज्यों के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। पश्चिम बंगाल सरकार ने 17 मार्च तक राज्य में इंटरनेट बंद करने का आदेश जारी किया है। यह निर्णय बीरभूम में दो गुटों के बीच झड़प के बाद लिया है. उधर अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में शुक्रवार को एक शख्स ने लोहे की रॉड से श्रद्धालुओं और सेवादारों पर हमला कर दिया। आइए नजर डालते हैं आज की 5 बड़ी ख़बरों पर:

1. गृह मंत्री अमित शाह का मिजोरम दौरा

भारत के गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे पर हैं, जहां वे आज असम और मिजोरम में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस यात्रा के दौरान वह सीमा सुरक्षा, उग्रवाद की समाप्ति और बुनियादी ढांचे के विकास पर चर्चा करेंगे। अमित शाह असम में कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे और राज्य सरकार के साथ सुरक्षा और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। यह दौरा पूर्वोत्तर राज्यों के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

2. बिहार के मुंगेर में ASI की हत्या

बिहार के मुंगेर जिले में एक ASI की हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब पुलिस को सूचना मिली कि नंदलालपुर गांव में कुछ लोग शराब पीकर हंगामा कर रहे हैं। मौके पर पहुंचे ASI संतोष कुमार सिंह पर आरोपियों और उनके परिवार ने हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हालत गंभीर होने पर उन्हें पटना रेफर किया गया, लेकिन वह बच नहीं सके। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।

3. पश्चिम बंगाल में इंटरनेट सेवाओं पर रोक

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में इंटरनेट और मोबाइल कॉल सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग के प्रधान सचिव ने बताया कि यह कदम अवैध गतिविधियों और अफवाहों के प्रसार को रोकने के लिए उठाया गया है। सरकार का कहना है कि यह प्रतिबंध सार्वजनिक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से लगाया गया है।

4. अमृतसर के स्वर्ण मंदिर पर हमला

पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में शुक्रवार को एक शख्स ने लोहे की रॉड से श्रद्धालुओं और सेवादारों पर हमला कर दिया। इस हमले में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में दो सेवादार और तीन श्रद्धालु शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे हमले के पीछे की मंशा को लेकर पूछताछ की जा रही है।

5. राकेश टिकैत की कार का हुआ एक्सीडेंट

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की कार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना तब हुई जब वह सिसौली से मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। उनकी कार अचानक सड़क पर आई नीलगाय से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि सभी आठ एयरबैग खुलने के कारण टिकैत सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद उन्होंने वाहन चालकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और सीट बेल्ट पहनने की अपील की।

ये भी पढ़ें: आज का मौसम: उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड, दिल्ली NCR में फिर होगी बारिश, जानें अपने राज्य में मौसम का हाल