अहमदाबाद/नई दिल्ली। गुजरात के अहमदाबाद में मंगलवार-8 अप्रैल, 2025 को कांग्रेस के दो दिवसीय अधिवेशन की शुरुआत हुई। इस दौरान पहले दिन सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल मेमोरियल में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक आयोजित हुई, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मौजूद रहे।

तीन हस्तियों ने नाम रोशन किया

कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पिछले साल महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने का शताब्दी वर्ष था। दिसंबर 1924 में महात्मा गांधी जी मेरे गृह राज्य कर्नाटक के बेलंगाव में हुए कांग्रेस अधिवेशन में अध्यक्ष बने थे। यह शताब्दी समारोह हमने पिछले साल 26 दिसंबर को कर्नाटक में मनाया था। खड़गे ने कहा कि इसी गुजरात की धरती पर पैदा हुए तीन महान लोगों ने कांग्रेस का नाम दुनिया भर में रोशन किया है। दादा भाई नौरोजी, महात्मा गांधी और सरदार वल्लभ भाई पटेल। ये तीनों कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष रहे हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने क्या कहा…

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी-RSS के लोग कांग्रेस के पिछले 140 सालों के सेवा और संघर्ष के गौरवशाली इतिहास को बदनाम कर रहे हैं। इन लोगों के पास अपनी उपलब्धियां दिखाने के लिए कुछ भी नहीं है। उन लोगों के पास आजादी की लड़ाई में अपना योगदान बताने के लिए कुछ भी नहीं है। खड़गे ने कहा कि वो सरदार पटेल और पंडित जवाहर लाल नेहरू के संबंधों को ऐसा दिखाते हैं जैसे दोनों नायक एक दूसरे के खिलाफ में थे। लेकिन सच्चाई यह है कि वो दोनों एक सिक्के के दो पहलू थे। तमाम घटनाएं और दस्तावेज उन दोनों के मधुर संबंधों के गवाह हैं।

यह भी पढ़ें-

वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ बंगाल में विरोध प्रदर्शन, मुर्शिदाबाद में हिंसा, NH-12 जाम…पुलिस वाहनों में आग