जोरहाट/गुवाहाटी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज-शनिवार को असम के दौरे पर हैं। इस बीच उन्होंने जोरहाट में एक जनसभा को संबोधित किया है। इस दौरान गृह मंत्री शाह ने कहा कि 2016 में असम में बीजेपी की सरकार बनने से पहले कांग्रेस ने पूरे राज्य को दंगों की आग में झोंक दिया था।
शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए एक पुराना किस्सा भी शेयर किया है। उन्होंने कहा कि असम की कांग्रेस सरकार ने मुझे भी पिटवाया था। उस वक्त हितेश्वर सैकिया असम के सीएम हुआ करते थे। हम असम को बचाने के लिए यहां आए हुए थे। हमने प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ नारे लगाए थे कि असम की गलियां सूनी हैं, इंदिरा गांधी खूनी हैं।
7 दिनों तक जेल का खाना खाया
अमित शाह ने कहा कि उस वक्त की कांग्रेस सरकार ने हमें पिटवाया था। मैं 7 दिनों तक असम की जेल में रहा था। आज देखों, कांग्रेस की सरकार जाने के बाद असम विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। बता दें कि असम दौरे के दौरान शाह ने जोरहाट में पुननिर्मित पुलिस अकादमी के पहले चरण का उद्घाटन किया है। इसके साथ ही उन्होंने दूसरे चरण की नींव भी रखी है।
सर्वश्रेष्ठ पुलिस अकादमी बनाएंगे
गृह मंत्री शाह ने कहा कि हम लाचित बरफुकन पुलिस अकादमी को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस अकादमी बनाएंगे। आने वाले 5 सालों में इस पुलिस अकादमी का नाम पूरे देश में होगा। मैं असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा जी को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने आहोम साम्राज्य के सेनापति लाचित बरफुकन के नाम पर इस पुलिस अकादमी का नाम रखा है।
यह भी पढ़ें-
दिल्ली में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद अमित शाह का ऐलान, अब दिल्ली बनेगी आदर्श राजधानी