नई दिल्ली: देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम के तेवर बदलते नजर आ रहे हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में जहां गर्मी ने दस्तक दे दी है, वहीं पश्चिम बंगाल, बिहार और मेघालय सहित कुछ राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 24 मार्च से 28 मार्च तक तापमान में बढ़ोतरी होगी। आज न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 28 मार्च तक यह बढ़कर 36-37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इन राज्यों में होगी बारिश
24 मार्च को पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, मेघालय और तमिलनाडु में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। केरल और अरुणाचल प्रदेश में 28-29 मार्च को बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में 24 से 28 मार्च तक बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश में 24-27 मार्च और उत्तराखंड में 26-27 मार्च को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
हालांकि अगले चार दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं गुजरात में अगले तीन दिनों में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने के बाद फिर गिरावट आ सकती है। बता दें 23 मार्च को कुछ मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज किया गया। हालांकि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, गोवा और कर्नाटक में अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से ऊपर रहने के आसार है।
ओडिशा में तूफान का अलर्ट
भारतीय उपमहाद्वीप के पूर्वी तट पर स्थित ओडिशा के कई जिलों में IMD ने आज-आधी और तूफान आने की संभावना जताई है। जानकारी के अनुसार, राज्य में जाजपुर, केंद्रपाड़ा, बालासोर, कटक, जगतसिंहपुर और भद्रक जिलों में बिजली चमकने के साथ बारिश के आसार हैं। इसके चलते मौसम विभाग द्वारा राज्य में अलर्ट जारी किया गया है और सावधानी बरतने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें: 24 मार्च राशिफल: तुला से लेकर कुंभ राशि के जातकों का आज से शुरू हो रहा राजयोग, जानें कैसे चमकेगी क़िस्मत