नई दिल्ली: देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है। जहां पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी है, वहीं कई राज्यों में ज़बरदस्त गर्मी देखने को मिल रही है. भारतीय राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले सप्ताह हुई बारिश के कारण ठंडक का एहसास हुआ था, लेकिन अब तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि उत्तर प्रदेश देश के कई इकलों में बारिश होने की संभावना है. आइए जानते है आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल.

दिल्ली में बढ़ रहा तापमान

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले सप्ताह हुई बारिश के कारण ठंडक का एहसास हुआ था, लेकिन अब तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में तेज धूप खिली रहेगी और हवाएं चलेंगी। वहीं अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बता दें, 21 से 25 मार्च तक मौसम साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। 25 मार्च तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने 29 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। बीते दो दिनों में तापमान में गिरावट देखी गई है, लेकिन 23 मार्च के बाद इसमें बढ़ोतरी हो सकती है। उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बिहार में 20 और 21 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 22 और 23 मार्च को कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

गुजरात में लू की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण राजस्थान के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में 20 से 23 मार्च के बीच लू चलने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में यहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं महाराष्ट्र के मुंबई और पुणे में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है।

कश्मीर में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि अगले 48 घंटों में ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना है। 27 मार्च से मौसम फिर बदल सकता है और दो दिनों तक बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

ये भी पढ़ें: आज का राशिफल: मेष से लेकर कुंभ राशि के जातकों को होगा विशेष लाभ, समसप्तक योग का पड़ेगा प्रभाव