नई दिल्ली: मार्च महीने में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों में कभी बारिश हो रही है, तो कभी बढ़ते तापमान के कारण लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्यों में तापमान बढ़ने की संभावना है। हालांकि मध्य भारत में बढ़ते तापमान का असर अभी से देखने को मिल रहा है, जिस कारण लोगों को अलर्ट किया गया है.
दिल्ली और उत्तर प्रदेश का हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज तेज धूप रहने की संभावना है, जिससे गर्मी महसूस होगी, लेकिन साथ ही ठंडी हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आने वाले दो दिनों में ठंडी हवाओं से राहत मिलेगी, लेकिन 20 मार्च से गर्मी बढ़ने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम अस्थायी बना हुआ है। कुछ जिलों में आज बारिश की संभावना है, जबकि अन्य जगहों पर तापमान में तेजी से वृद्धि देखी गई है। अगले तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है।
मध्य भारत में बढ़ी गर्मी
बिहार में हाल ही में हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि आज मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
झारखंड के सात जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है, जिससे गर्म हवाओं का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि इस बार हीटवेव जल्दी शुरू हो गई है। वहीं गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जबकि कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से शुक्रवार तक राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचे क्षेत्रों में 17 से 21 मार्च तक बारिश और हिमपात होने का अनुमान है। उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में भी मौसम बदल रहा है। यहां कभी तेज धूप निकल रही है, तो कभी बादल छाए हुए हैं। ताजा बर्फबारी के कारण हिमस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें: आज का राशिफल: केमद्रुम और त्रिग्रह योग से बदलेगा भाग्य, कर्क से लेकर तुला राशि के जातकों को मिलेगा लाभ