सीएम हिमंत जो कर रहे हैं उससे यात्रा को मिल रहा फायदा, असम में बोले राहुल

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ असम में पहुंची है। इसको लेकर काफी विवाद भी देखने को मिल रहा है। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा असम पुलिस के बीच हाथापाई हो गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ दी और इसको लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने असम डीजीपी से कहा है कि राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। वहीं पुलिस कार्यकर्ताओं को सड़कों पर उतरने से भी रोक रही है।

क्या बोले राहुल?

असम पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री जो कर रहे हैं उससे यात्रा को फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रचार हो रहा है, इस तरह मुख्यमंत्री और अमित शाह हमारी मदद कर रहे हैं। यह डराने की कोशिश हैं, लेकिन हम डरने वाले नहीं है। राहुल ने कहा कि लोग बोल रहे हैं कि जेपी नड्डा गुवाहाटी जा सकते हैं तो राहुल गांधी क्यों नहीं जा सकते? उन्होंने कहा कि हिमंत देश के सबसे भ्रष्ट सीएम हैं।

क्या है मामला?

बता दें कि असम में राहुल गांधी के समर्थकों तथा गुवाहाटी पुलिस के बीच जमकर हाथापाई हुई। दरअसल, ये तब हुआ जब राहुल गांधी को पुलिस ने रोक दिया और उनको शहर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया। कांग्रेस समर्थक उस मार्ग में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जिसकी उनको अनुमति नहीं थी। इसके बाद देखते ही देखते पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई और पुलिस ने कुछ समर्थकों को लाठियों से भगाया। इस दौरान राहुल गांधी बस के ऊपर खड़े रहे।

शहर में प्रवेश की इजाजत नहीं

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने इससे पहले ही कहा था कि सड़कों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए यात्रा को शहर में प्रवेश की इजाजत नहीं दी जाएगी। इस बीच भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान खानापारा में गुवाहाटी चौक पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और यहां ढोल-नगाड़ों के साथ राहुल गांधी का स्वागत किया गया। बता दें कि कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि अवरोधकों को तोड़कर हमने जीत हासिल की।

Tags

AssamAssam CM Himanta Biswa SarmaBharat Jodo Nyay YatraBharat Jodo Nyay Yatra AssamBharat Jodo Nyay Yatra GuwahatiBharat Jodo Nyay Yatra UpdatescongressRahul GandhiRahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra
विज्ञापन