Mumbai: मानव तस्करी के शक पर फ्रांस में रोका गया विमान पहुंचा मुंबई, भारतीयों सहित 276 यात्री थे सवार

नई दिल्ली। संदिग्ध मानव तस्करी के संदेह पर फ्रांस में रोका गया चार्टर विमान 276 यात्रियों को लेकर मंगलवार तड़के मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा। ये विमान चार दिनों से फ्रांस में फंसा था। एक अधिकारी ने बताया कि विमान (एयरबस ए340) सुबह चार बजे के करीब मुंबई पहुंचा। विमान ने स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 2:30 बजे पेरिस के पास वेट्री हवाईअड्डे से उड़ान भरी थी।

कितने यात्री पहुंचे?

फ्रांसीसी अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई के लिए उड़ान भरने के वक्त विमान में 276 यात्री सवार थे। वहीं, दो नाबालिगों समेत 25 लोगों ने फ्रांस में शरण के लिए आवेदन करने की इच्छा व्यक्त की थी, इसलिए वो फ्रांस में रुक गए हैं। फ्रांस की मीडिया के अनुसार, विमान को रोकने के बाद दो लोगों को हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया गया था। इसके बाद दोनों को रिहा कर दिया गया। बता दें कि जब विमान वेट्री हवाईअड्डे पर उतरा गया था, तो उसमें सवार 303 भारतीयों में से 11 नाबालिग थे, जिनके साथ कोई भी नहीं था।

कोर्ट की सुनवाई के बाद छोड़ा गया विमान

फ्रांस सरकार ने यात्रियों को हिरासत में लेकर मानव तस्करी के एंगल से केस की जांच की। रविवार को फ्रांस की अदालत ने इस मामले पर सुनवाई की। सुनवाई के दौरान चार जजों ने हिरासत में लिए गए यात्रियों से सवाल-जवाब किए। फ्रांस की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यात्रियों में कई हिंदीभाषी और कई तमिलभाषी लोग शामिल थे। सुनवाई के बाद जजों ने विमान को छोड़ने का आदेश दे दिया और जांच प्रक्रिया में कई अनियमितताओं का हवाला देकर मामले की सुनवाई भी रद्द कर दी। बता दें कि विमान में 11 नाबालिग सवार थे।

Tags

hindi newshuman traffickingIndiaindia newsIndia News In Hindiinkhabarlatest india news updateslatest newsPlane grounded in franceplane landed in mumbai
विज्ञापन