Manmohan Singh Funeral: दो बार भारत के प्रधानमंत्री रह चुके डॉक्टर मनमोहन सिंह का आज यानी शनिवार, 28 दिसंबर को अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय लाया गया है। एक घंटे आम लोग यहां उन्हें श्रद्धांजलि दे पाएंगे फिर अंतिम यात्रा निकलेगी। 11.45 बजे निगमबोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राहुल-प्रियंका मौजूद
राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी, नेता विपक्ष राहुल गांधी, वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा AICC मुख्यालय पहुंचे हैं। पार्टी कार्यकर्ता पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर का यहां अंतिम दर्शन करेंगे। बता दें कि मनमोहन सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। गुरुवार को अपने घर पर बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें रात 8 बजे के करीब दिल्ली AIIMS लाया गया। रात 9:51 में उन्होंने आखिरी सांस ली। मनमोहन सिंह साल 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। वो भारत के पहले सिख प्रधानमंत्री थे।
पाकिस्तान में हुआ था जन्म
बता दें कि मनमोहन सिंह का जन्म पाकिस्तान के गह गांव में हुआ था। हालांकि पाकिस्तान में जन्म के बावजूद डॉ. सिंह बतौर पीएम कभी भी पाकिस्तान के दौरे पर नहीं गए। डॉ. मनमोहन सिंह शांत और सरल स्वभाव के लिए जाने जाते थे, जिसके कारण उन्हें उनके राजनीतिक विरोधी भी उनका सम्मानित करते थे। उन्हें कई प्रमुख सम्मान मिले, जिनमें 1987 में पद्म विभूषण, 1993 में एशिया मनी अवार्ड, 1995 में जवाहरलाल नेहरू बर्थ सेंटेनरी अवॉर्ड सहित अन्य कई पुरस्कार शामिल हैं। उन्हें कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालयों से मानद उपाधियां भी मिली।