मौसम विभाग ने दिल्ली में 23 जनवरी को बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव जारी है। राज्य के 18 जिलों में बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से करवट बदल रहा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है. वहीं मौसम विभाग के अनुसार, इस साल जनवरी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 6-7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। पिछले छह वर्षों में यह जनवरी का सबसे गर्म महीना साबित हो रहा है। दिन की तेज धूप ने लोगों को स्वेटर उतारने पर मजबूर कर दिया है। हालांकि ठंड का मौसम अभी गया नहीं है.
मौसम विभाग ने दिल्ली में 23 जनवरी को बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में 22 जनवरी को न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था।
— RWFC New Delhi (@RWFC_ND) January 22, 2025
उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव जारी है। राज्य के 18 जिलों में बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। बिहार में दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन रात और सुबह की ठंड बरकरार है। राज्य में कोहरे को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के कई जिलों में हल्की बारिश और घने कोहरे की संभावना है। अलवर, भरतपुर, दौसा, उदयपुर, झुंझुनूं, सीकर, चूरू और हनुमानगढ़ में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा और पंजाब में भी न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आई है। हालांकि अधिकांश क्षेत्रों में तापमान शून्य से ऊपर है। उत्तराखंड में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। देहरादून में तेज धूप से जनवरी में मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी महसूस हो रही है, जबकि कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें: पुष्पक एक्सप्रेस हादसे में अभी बढ़ेगी मृतकों की संख्या, जलगांव सांसद बोलीं- घायलों की हालत…