नई दिल्ली। अमेरिका से 116 अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर एक विमान शनिवार (15 फरवरी, 2025) रात अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा। डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद यह दूसरी बार है जब भारतीयों को अमेरिका से निकाला गया है। अधिकारियों के मुताबिक विमान रात करीब 11:30 बजे अमृतसर हवाई अड्डे पर पहुंचा है। इस विमान में 119 यात्रियों के आने की सूचना थी लेकिन केवल 116 यात्री ही उतरे।
इन प्रवासियों में से 100 पंजाब और हरियाणा से हैं। इनमें 67 पंजाब, 33 हरियाणा, आठ गुजरात, तीन उत्तर प्रदेश, जबकि दो-दो गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान से हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से एक-एक नागरिक हैं। इनमें चार महिलाएं और दो नाबालिग भी शामिल हैं, जिनमें एक छह साल की बच्ची भी शामिल है। अधिकांश निर्वासितों की उम्र 18 से 30 साल के बीच बताई जा रही है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 157 निर्वासितों को लेकर तीसरा विमान 16 फरवरी यानी आज भारत पहुंचेगा। 5 फरवरी को 104 अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा। इनमें से 33-33 हरियाणा और गुजरात से थे, जबकि 30 पंजाब से थे। प्यू रिसर्च सेंटर के आंकड़ों के अनुसार, भारत से आए करीब 7,25,000 अवैध अप्रवासी अमेरिका में रहते हैं। मेक्सिको और अल साल्वाडोर के बाद अनधिकृत अप्रवासियों की तीसरी सबसे बड़ी आबादी भारतीयों की है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर में प्रवासियों के लगातार आने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए पूछा कि अमृतसर को ही क्यों चुना गया। मान ने कहा, “भाजपा सरकार पंजाब के साथ भेदभाव कर रही है और साजिश के तहत पंजाबियों को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।”
ये भी पढ़ेंः- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़: चश्मदीदों ने बताया कैसे मची भगदड़ और चली गई 18 लोगों की जान
DC vs MI: मैच में बना था सस्पेंस, लेकिन आखिरी गेंद तक चले मुकाबले में…