नई दिल्ली: देशभर में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले पांच दिनों के लिए दिल्ली-NCR समेत 10 राज्यों में लू (हीट वेव) चलने की चेतावनी दी है। वहीं, 8 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे कुछ राज्यों में मौसम बदल सकता है। आइए जानते है आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम।
राजधानी दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रविवार सुबह तापमान 33 डिग्री के करीब दर्ज किया गया है. मौसम विभाग ने 11 अप्रैल तक दिल्ली में तेज गर्मी और लू चलने की आशंका जताई है। तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। दिल्ली के लिए इस सीजन का पहला यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे आने वाले महीनों में सामान्य से अधिक गर्मी की संभावना जताई गई है।
गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में 9 अप्रैल तक गंभीर लू की चेतावनी दी गई है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी हीट वेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है। वहीं, कोंकण और गोवा में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में कहीं-कहीं तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अंडमान-निकोबार और लद्दाख में भी बारिश और तेज हवाएं चलने के संकेत हैं। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना है।
ये भी पढ़ें: राव नवमी पर भगवान राम का मिलेगा आशीर्वाद, जानें पूजा विधि और शुभ मुहूर्त