नई दिल्ली: देशभर में गर्मी का मौसम तेजी से बढ़ने लगा है। यही वजह है कि बुधवार यानी बीते दिन राजधानी दिल्ली में तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। इसी के साथ ही यह सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इसी के आइए जानते हैं, बाकी राज्यों में कैसा रहेगा आज का मौसम।
IMD ने आने वाले दिनों में लू चलने की आशंका जताई है। आमतौर पर लू तब चलती है जब मैदानी इलाकों में तापमान 40°C, तटीय क्षेत्रों में 37°C और पहाड़ी इलाकों में 30°C से अधिक हो जाता है। दिल्ली में पहले ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है, जिससे अप्रैल में लू के प्रकोप की संभावना बढ़ गई है। IMD के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में तापमान अगले दो दिनों तक और बढ़ेगा। इसके बाद हवाओं की रफ्तार तेज हो सकती है, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। हालांकि, धीमी हवाओं के कारण गर्मी का असर ज्यादा महसूस होगा।
दिल्ली के अलावा आज उत्तर प्रदेश में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा और दिनभर तेज धूप खिली रहेगी। इस दौरान कानपुर और प्रयागराज जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। गुरुवार को फतेहपुर, प्रतापगढ़, चंदौली और वाराणसी समेत कई जिलों में हॉट डे को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी-बारिश और तेज हवाओं के आसार हैं। वहीं बाड़मेर और जैसलमेर में गर्मी चरम पर होगी और तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य अगले 48 घंटों तक 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हालांकि तेज हवाओं के कारण बारिश होने की संभावना कम हो सकती है।
पहाड़ी इलाकों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। इसके चलते पर्वतीय क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मैदानी इलाकों में हल्की धूप खिलने के साथ-साथ गर्मी बढ़ने लगी है।
ये भी पढ़ें: 27 मार्च राशिफल: वृषभ से लेकर तुला राशि के जातकों का बदलेगा भविष्य, गजकेसरी योग से होगा विशेष लाभ