September 8, 2024
  • होम
  • Election Results 2023: मेघालय में TMC ने डुबोई कांग्रेस की लुटिया, 5 सीटों पर आगे

Election Results 2023: मेघालय में TMC ने डुबोई कांग्रेस की लुटिया, 5 सीटों पर आगे

  • WRITTEN BY: Vaibhav Mishra
  • LAST UPDATED : March 2, 2023, 12:08 pm IST

शिलांग। मेघालय विधानसभा चुनाव परिणाम में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस सीधे तौर पर कांग्रेस को नुकसान पहुंचाती हुई दिख रही है। साल 2018 के चुनाव में कांग्रेस को जहां 28 फीसदी वोट मिला था, वहीं इस बार उसका वोट प्रतिशत 14 फीसदी पर आ गया है। जबकि तृणमूल कांग्रेस इस बार 13 फीसदी वोट प्रतिशत हासिल करती हुई दिख रही है। अभी तक के रूझानों में फिलहाल दोनों पार्टियों ने 5-5 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है।

पूर्वोत्तर में पैर जमा रही तृणमूल कांग्रेस पार्टी

पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पूर्वोत्तर राज्यों में पैर जमाती दिख रही है। तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणामों में ममता बनर्जी की पार्टी त्रिपुरा में 1 और मेघालय में 5 सीटों पर आगे चल रही है। बता दें कि इन दोनों राज्यों में पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। खुद सीएम ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी ने यहां पर कई रैलियों को संबोधित किया। मेघालय में टीएमसी ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता मुकुल संगमा को पार्टी में शामिल कराया और उन्हें चुनाव प्रचार की कमान सौंपी। आज नतीजों में पार्टी के इस फैसले का साफ असर देखा जा रहा है।

त्रिपुरा में राजा की पार्टी का शानदार प्रदर्शन

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव परिणाम में सत्ताधारी पार्टी बीजेपी बहुमत के आंकड़े के आसपास नजर आ रही है। अभी तक के रूझानों में पार्टी कभी बहुमत के पार तो कभी बहुमत के नीचे जाती नजर आती है। वहीं, दशकों तक राज्य की सत्ता में काबिज रहे लेफ्ट-कांग्रेस गठबंधन 17 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इस बीच त्रिपुरा राजवंश के उत्तराधिकारी प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा की पार्टी टिपरा मोथा चुनाव परिणाम में शानदार प्रदर्शन करती हुई दिख रही है। अभी तक के रूझानों में टिपरा मोथा पार्टी 13 सीटों पर आगे चल रही है। बता दें कि टिपरा मोथा ने इस बार विधानसभा चुनाव में 42 उम्मीदवार उतारे थे। राज्य की 32 फीसदी आदिवासी आबादी पर पार्टी की काफी मजबूत पकड़ मानी जाती है।

अभी किस राज्य में किसकी सरकार? जानें

बता दें कि, त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में विधानसभा की 60-60 सीटें हैं। त्रिपुरा में 16 फरवरी और नागालैंड-मेघालय में 27 फरवरी को मतदान हुए थे। त्रिपुरा में अभी भाजपा की सरकार है। वहीं, नागालैंड में बीजेपी के गठबंधन वाली नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोगेसिव पार्टी (NDPP) और मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) की सरकार है।

कारगिल युद्ध के साजिशकर्ता थे मुशर्रफ, 1965 में भारत के खिलाफ लड़े थे युद्ध

Parvez Musharraf: जानिए क्या है मुशर्रफ-धोनी कनेक्शन, लोग क्यों करते हैं याद

Tags

विज्ञापन

शॉर्ट वीडियो

विज्ञापन