Independence Day: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को दी बधाई, पीएम पर साधा निशाना

Independence Day:

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पिछले 75 साल में भारत ने अपने प्रतिभाशाली देशवासियों की कड़ी मेहनत के बल पर विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सूचना प्रौद्योगिकी समेत सभी क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय पटल पर अपनी एक अमिट छाप छोड़ी है।

देश ने बनाई गौरवपूर्ण पहचान

सोनिया गांधी ने कहा कि देश ने अपने दूरदर्शी नेताओं के नेतृत्व में एक तरफ जहां स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था स्थापित की है। वहीं प्रजातंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को भी मजबूत बनाया है। इसके साथ ही भारत ने भाषा-धर्म-संप्रदाय की बहुलतावादी कसौटी पर हमेशा खरा उतरने वाले एक अग्रणी देश के रूप में अपनी गौरवपूर्ण पहचान बनाई है।

मोदी सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आगे कहा कि हमने पिछले 75 वर्षों में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। लेकिन आज की वर्तमान आत्ममुग्ध सरकार हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ साबित करने पर तुली हुई है। इसे कदापि स्वीकार नहीं किया जा सकता है। राजनैतिक लाभ के लिए ऐतिहासिक तथ्यों पर कोई भी गलतबयानी का कांग्रेस कड़ा विरोध करेगी। सोनिया ने कहा कि गांधी-नेहरू-पटेल-आज़ाद जैसे महान राष्ट्रीय नेताओं को असत्यता के आधार पर कटघरे में खड़े करने के हर प्रयास का भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पुरजोर विरोध दर्ज कराएगी।

उज्जवल प्रजातांत्रिक भविष्य की कामना

सोनिया गांधी ने कहा कि मैं पुनः सभी भारतवासियों को देश के स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देती हूं और भारत के उज्जवल प्रजातांत्रिक भविष्य की कामना करती हूं।

देशभर में आजादी के जश्न का माहौल

स्वतंत्रता दिवस को लेकर आज पूरे देश में उत्साह और जश्न का माहौल है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक हर जगह विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। देशभर के विभिन्न स्मारकों को भी तिरंगे की रोशनी में सजाया गया है। हर राज्य में शहर से लेकर गांव तक लोग अपने-अपने तरीके से आजादी पर्व का उत्सव मना रहे हैं।

बिहार में अपना CM चाहती है भाजपा, नीतीश कैसे करेंगे सियासी भूचाल का सामना

Tags

15 august15 अगस्त75 years of india's independence75 वां स्वतंत्रता दिवस भाषण75th independence day75th Independence Day Speech76th independence day76th independence day of indiaAzadi ka Amrit MahotsavFlag Hoisting at Red Fort
विज्ञापन