September 20, 2024
  • होम
  • रिलायंस इंडस्ट्रीज में 42 हजार कर्मचारियों की छंटनी पर अनुपम मित्तल का सवाल… इतनी चुप्पी क्यों?

रिलायंस इंडस्ट्रीज में 42 हजार कर्मचारियों की छंटनी पर अनुपम मित्तल का सवाल… इतनी चुप्पी क्यों?

  • WRITTEN BY: Anjali Singh
  • LAST UPDATED : August 11, 2024, 6:03 pm IST

नई दिल्ली: देश के सबसे अमीर व्यक्ति, मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज में 42 हजार कर्मचारियों की छंटनी पर शादी डॉट कॉम के फाउंडर और शार्क टैंक इंडिया के जज, अनुपम मित्तल ने सवाल उठाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर इस मुद्दे को उठाते हुए कहा, “42 हजार? यह खबर इतनी खामोश क्यों है? इससे तो आर्थिक और राजनीतिक गलियारों में खतरे की घंटियां बजनी चाहिए थीं।”

क्यों की गई 42 हजार कर्मचारियों की छंटनी?

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2023-24 में अपनी लागत को कम करने और हायरिंग की रफ्तार को धीमा करने के लिए 42 हजार कर्मचारियों की छंटनी की है। यह जानकारी कंपनी की हाल ही में जारी सालाना रिपोर्ट में दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज के कुल कर्मचारियों की संख्या में 11% की कमी आई है।

रिटेल सेगमेंट में सबसे ज्यादा छंटनी

रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालाना रिपोर्ट में बताया गया है कि सबसे ज्यादा छंटनी रिटेल सेगमेंट में हुई है। पिछले वित्त वर्ष के अंत में रिटेल सेक्टर में कर्मचारियों की संख्या 2,07,552 पर आ गई थी, जबकि एक साल पहले यह संख्या 2,45,581 थी। इस प्रकार, रिटेल सेगमेंट में कुल 38,029 कर्मचारियों की कमी आई है।

रिलायंस जियो में भी हुई छंटनी

रिटेल के अलावा, रिलायंस जियो में भी कर्मचारियों की संख्या में गिरावट आई है। वित्त वर्ष 2022-23 के अंत में रिलायंस जियो के कर्मचारियों की संख्या 95,326 थी, जो वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में घटकर 90,067 रह गई। यानी जियो में करीब साढ़े पांच फीसदी की कमी आई है।

मित्तल का तंज

अनुपम मित्तल ने अपनी पोस्ट में यह भी इशारा किया कि इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी पर मीडिया और राजनीतिक गलियारों में खामोशी क्यों है। उनका मानना है कि इस तरह की खबरें आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में गंभीर चर्चा का विषय बननी चाहिए थीं।

निवेशकों और कर्मचारियों के लिए सवाल

इस छंटनी ने निवेशकों और कर्मचारियों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कंपनी के इस कदम से कर्मचारियों के भविष्य और रिलायंस इंडस्ट्रीज की रणनीति पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना यह है कि इस मुद्दे पर आगे क्या प्रतिक्रिया होती है और क्या कंपनी इस पर कोई स्पष्टीकरण देती है।

 

ये भी पढ़ें: अगले हफ्ते 3 दिन बंद रहेगा शेयर बाजार, जानिए कब-कब नहीं होगा कारोबार

Tags

विज्ञापन

शॉर्ट वीडियो

विज्ञापन