मुंबई: साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी ने न केवल साउथ सिनेमा बल्कि बॉलीवुड में भी हलचल मचा दी है। एक ओर जहां उनके फैंस इस मामले पर आक्रोश जता रहे हैं. वहीं बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अल्लू अर्जुन का सपोर्ट किया है।

वरुण धवन इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बेबी जॉन’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं. वहीं इसी बीच हाल ही में एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “सेफ्टी या कोई हादसा केवल अभिनेता की जिम्मेदारी नहीं होती। हमारे आसपास कई लोग होते हैं जिनकी भी भूमिका होती है। जो घटना हुई वह बेहद दुखद है और पीड़ित परिवार के लिए मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। लेकिन इस तरह की घटनाओं के लिए किसी एक इंसान को पूरी तरह दोष देना सही नहीं है।”

क्या है पूरा मामला

4 दिसंबर को हैदराबाद के एक थिएटर में ‘पुष्पा 2’ की स्क्रीनिंग के दौरान भगदड़ मचने से एक 35 वर्षीय महिला की जान चली गई थी। इस घटना में महिला का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने अल्लू अर्जुन समेत थिएटर प्रबंधन और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। शुक्रवार सुबह पुलिस ने अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार किया, जिससे उनके प्रशंसकों में नाराजगी और उदासी का माहौल है।

फिल्म की सफलता

‘पुष्पा 2’ ने 5 दिसंबर को रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया। महज कुछ दिनों में फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ कलेक्शन किया है और इसे बड़े पर्दे पर दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। वहीं अब वरुण धवन जल्द ही फिल्म ‘बेबी जॉन’ में नजर आएंगे, जो 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में एक बार फिर वरुण का एक्शन अवतार देखने को मिलेगा, जिसे लेकर उनके फैंस काफी एक्साइटेड हैं।

ये भी पढ़ें:  क्यों हुए अल्लू अर्जुन अरेस्ट, इसके पीछे जिम्मेदार कौन ?