नई दिल्ली: भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनकी फिल्मों और गानों को दर्शकों का खूब प्यार मिलता है, लेकिन इस बार वह अपने एक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। बिहार के आरा जिले में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं अक्षरा सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, इस वीडियो की पुष्टि किसी आधिकारिक स्रोत ने नहीं की है। वीडियो में अक्षरा सिंह को स्टेज से कुछ दर्शकों पर भड़कते हुए देखा जा सकता है।

आखिर क्यों नाराज हुईं अक्षरा सिंह?

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना आरा के बखोरापुर गांव में हिंदू नव वर्ष के अवसर पर आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि जब अक्षरा सिंह मंच पर प्रस्तुति दे रही थीं, तब कुछ शरारती तत्वों ने उन्हें अश्लील इशारे किए और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस हरकत से गुस्साई अक्षरा सिंह ने मंच से ही इन दर्शकों को कड़ा जवाब दिया।

अक्षरा सिंह ने क्या कहा?

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अक्षरा सिंह गुस्से में कह रही हैं, “हम शेरनी हैं, ऐसे ही नहीं गरज रहे हैं। अगर हिम्मत है तो सामने आकर बोलो, हम कलेजा लेकर आई हैं। पीछे से तो कुत्ते भौंकते हैं, सामने आकर बात करो, तब समझें। हल्के में मत लेना अक्षरा सिंह को।” उन्होंने यह भी कहा कि वह ऐसे लोगों की गिनती कुत्तों में ही करती हैं।

कार्यक्रम में हंगामा

इस कार्यक्रम का आयोजन बिजनेसमैन अजय सिंह ने किया था, जिसमें कई भोजपुरी कलाकार शामिल हुए थे। परफॉर्मेंस के दौरान जब दर्शकों के एक समूह ने हूटिंग और अभद्र व्यवहार शुरू किया, तब अक्षरा सिंह ने संयम नहीं रखा और मंच से ही उन्हें फटकार लगा दी। हालांकि, आयोजकों की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह पहली बार नहीं है जब किसी कलाकार को इस तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं।

Read Also: आंखों पर पट्टी बांधे अस्पताल के बाहर नजर आए एक्टर धर्मेंद्र, बोले: अभी भी जान है