भोपाल: वक्फ कानून लागू होने के बाद मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में अवैध मदरसों के खिलाफ पहली बार कार्रवाई की गई है। जिले की बहुमूल्य शासकीय भूमि पर वर्षों से संचालित एक अवैध मदरसे को प्रशासन की नोटिस के बाद खुद संचालक ने गिरवा दिया। बताया जा रहा है कि यह मदरसा बाईपास स्थित बीडी कॉलोनी इलाके में बना था और इसकी शिकायतें लंबे समय से की जा रही थीं।
मामला उस समय तूल पकड़ा जब स्थानीय लोगों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद विष्णु दत्त शर्मा से संपर्क कर शिकायत की कि उक्त मदरसा न केवल शासकीय भूमि पर अवैध रूप से बना है, बल्कि वहां संदिग्ध गतिविधियों की भी आशंका है। शिकायत के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और एसडीएम संजय नागवंशी द्वारा मदरसा संचालक को नोटिस जारी किया गया।
सूत्रों के अनुसार, नोटिस मिलने के बाद मदरसा संचालक ने खुद मजदूरों और जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को गिरवा दिया। यह कार्रवाई बिना किसी विवाद के पूरी कर ली गई। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि इस अवैध निर्माण की शिकायत पहले भी कई बार की जा चुकी थी, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं हो पाई थी। अब वक्फ कानून प्रभावी होने के बाद प्रशासन ने अवैध मदरसों की जांच शुरू की है।
मामले को लेकर वक्फ बोर्ड के जिला अध्यक्ष अब्दुल हमीद ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह मदरसा अब्दुल रऊफ कादरी नामक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था, जो कि इस क्षेत्र का निवासी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि रऊफ कादरी द्वारा मदरसे की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां चलाई जा रही थीं। इस कार्रवाई के बाद जिले में अन्य शासकीय जमीनों पर बने अवैध निर्माणों की भी जांच तेज हो सकती है। प्रशासन ने साफ किया है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।