भोपाल: मध्यप्रदेश के खरगोन से कलयुगी पिता की करतूत सामने आई है। एक पिता ने अपने ही बेटे को मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि मामूली बात को लेकर बाप-बेटे में बहस हो गई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि यह खूनी लड़ाई में बदल गई और पिता ने अपने बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। खरगोन के उमरखली गांव में आज सुबह अपने बेटे की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में बेटे की पहचान राजेश और आरोपी पिता की पहचान विष्णु पाटिल के तौर पर हुई है।
➨ शराब के चक्कर में बेटे का क़त्ल
खबर के मुताबिक, बेटा शराबी था और आए दिन घर में कोहराम मचाता था। बताया जाता है कि शराब के सेवन को लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई थी। मामला इतना बढ़ गया कि गुस्से में पिता ने नशे में धुत बेटे पर घर में रखे चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद ग्रामीणों व परिजनों ने गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। उसके पहुंचने से पहले ही रास्ते में युवक की मौत हो गई। घटना के बाद शहर में सनसनी का माहौल है। मृतकराजेश और आरोपी पिता साथ रहते थे। घर में उसके सिवा कोई स्त्री नहीं थी। राजेश शराब पीने का आदी था। परेशान पिता अपने बेटे को शराब पीने से छुड़वाता था। इसी वजह से दोनों के बीच विवाद होता था।
➨ आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने बताया कि उमरखली गांव में आरोपी विष्णु पाटिल और उसके बेटे राजेश के बीच शराब पीने को लेकर कहासुनी हो गई थी। इससे नाराज होकर विष्णु ने अपने बेटे पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। घायल युवक की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी हैं। मृतक के रिश्तेदार सोनू ने बताया कि उसके मामा और नाना के बीच 2 दिन से झगड़ा चल रहा था।