श्रीनगर: ईद-उल-फितर से पहले कश्मीर घाटी के बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। श्रीनगर के लाल चौक समेत प्रमुख बाजारों में इस बार ग्राहकों की कमी के कारण व्यापारी भारी नुकसान झेल रहे हैं। त्योहार के नजदीक होने के बावजूद बेकरी, कन्फेक्शनरी, रेडीमेड गारमेंट और क्रॉकरी दुकानों पर बिक्री में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

70% तक घटी बिक्री

लाल चौक व्यापारी संघ के उपाध्यक्ष के अनुसार, इस साल ईद के दौरान बाजार में करीब 70% गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि बाजार का हाल सामान्य दिनों से भी खराब है। इस बार रेडीमेड कपड़ों की बिक्री में 75% तक गिरावट देखी गई है, जिससे व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई खुदरा विक्रेता बकाया चुकाने में असमर्थ हैं, और कुछ दुकानों के बंद होने की नौबत आ गई है।

क्या है सुस्त बाजार का कारण?

व्यापारियों का मानना है कि इस मंदी के पीछे ऑनलाइन खरीदारी का बढ़ता चलन और बढ़ती महंगाई मुख्य कारण हैं। लोगों की क्रय शक्ति कमजोर हुई है, जिससे पहले जहां बेकरी दुकानों के बाहर लंबी कतारें लगती थीं, अब वहां भी बिक्री में भारी गिरावट आई है।
त्योहार के मौके पर बाजारों में रौनक नहीं होने से व्यापारी व्यवसाय बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अगर यही हालात रहे, तो स्थानीय कारोबारियों के लिए संकट और गहरा सकता है।

 

यह भी पढ़ें: 

आज की पांच बड़ी खबरें: PM मोदी आज करेंगे महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ का दौरा, NDA बैठक में शामिल होंगे अमित शाह