नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया है। तीनों सेनाओं ने मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को सलामी दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई बड़े नेता घाट पर मौजूद रहे।

बेटी ने दी मुखाग्नि

मनमोहन सिंह की बड़ी बेटी उपिंदर सिंह, दूसरी दमन सिंह और तीसरी अमृत सिंह भी अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद रहीं। मनमोहन सिंह को नीली पगड़ी पहनाकर विदा किया गया। मुखाग्नि बड़ी बेटी ने दिया.

पाकिस्तान में हुआ था जन्म

बता दें कि मनमोहन सिंह का जन्म पाकिस्तान के पंजाब स्थित चकवाल जिले के गाह गांव में हुआ था । हालांकि पाकिस्तान में जन्म के बावजूद डॉ. सिंह बतौर पीएम कभी भी पाकिस्तान के दौरे पर नहीं गए। डॉ. मनमोहन सिंह शांत और सरल स्वभाव के लिए जाने जाते थे, जिसके कारण उन्हें उनके राजनीतिक विरोधी भी उनका सम्मान करते थे।

उन्हें कई प्रमुख सम्मान मिले, जिनमें 1987 में पद्म विभूषण, 1993 में एशिया मनी अवार्ड, 1995 में जवाहरलाल नेहरू बर्थ सेंटेनरी अवॉर्ड सहित अन्य कई पुरस्कार शामिल हैं। उन्हें कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालयों से मानद उपाधियां भी मिली।