नई दिल्ली। हरियाणा और पंजाब के किसान आज शंभू बॉर्डर से राजधानी दिल्ली की तरफ कूच करेंगे। हालांकि हरियाणा सरकार का कहना है कि बिना अनुमति के वो दिल्ली नहीं जा सकते हैं। अभी तक किसानों को दिल्ली जाने की परमिशन नहीं मिली है।

101 किसान होंगे रवाना

इधर किसानों ने ऐलान किया है कि आज 101 किसानों का जत्था दिल्ली रवाना होगा। इसको लेकर हरियाणा और पंजाब की पुलिस अलर्ट है। शंभू बॉर्डर पर सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने नए सिरे से बैरिकेडिंग कर दी है। जाली, कैमरे और लाउडस्पीकर तक लगे हुए हैं। अंबाला जिले और खनौरी बॉर्डर पर धारा-163 लगा दी गई है। ताकि 5 या 5 से अधिक लोग इकट्‌ठे होते हैं तो फिर उन पर कार्रवाई की जाएगी।

किसानों की मांग क्या है–

किसान ने सरकार से 13 सूत्री मांग की है, जो निम्न है–

  • सभी फसलें MSP पर खरीदी जाएं।
  • फसलों की कीमत डॉक्टर स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट से तय हो।
  • DAP खाद की कमी को दूर किया जाए।
  • किसान और खेतिहर मजदूरों का कर्ज माफ कर उन्हें पेंशन दी जाए।
  • भूमि अधिग्रहण नियम 2013 फिर से लागू हो।
  • लखीमपुर खीरी कांड के दोषियों को सजा मिले।
  • मुक्त व्यापार समझौते पर रोक लगे।
  • किसान आंदोलन में शहीद हुए कृषकों के परिजनों को मुआवजा और सरकारी नौकरी मिले।
  • विद्युत संशोधन विधेयक 2020 रद्द हो।
  • मनरेगा के तहत हर साल 200 दिन काम और 700 मजदूरी मिले।
  • नकली बीज और कीटनाशक बेचने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कानून बनाई जाए।
  • हल्दी मिर्च समेत अन्य मसालों के लिए राष्ट्रीय आयोग का गठन हो।
  • संविधान की पांचवीं सूची लागू कर आदिवासियों की जमीन लूट को बंद किया जाए।