दिल्ली विधानसभा चुनाव की वोटिंग से 5 दिन पहले सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। आप के 7 विधायकों ने एक साथ पार्टी से इस्तीफा दे दिया है जिसके बाद पार्टी में हड़कंप मचा हुआ है.
नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव की वोटिंग 5 दिन से पहले सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। आप के 7 विधायकों ने एक साथ पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इस घटनाक्रम के बाद आप अंदर से हिल गई है.
बता दें कि AAP के जिन विधायकों ने पार्टी छोड़ी है, उनमें जनकपुरी, बिजवासन, पालम, आदर्श नगर, कस्तूरबा नगर, महरौली और त्रिलोकपुरी की सीट शामिल है।
मालूम हो कि आम आदमी पार्टी पिछले 10 सालों से दिल्ली की सत्ता में है। 2015 के विधानसभा चुनाव में जहां AAP ने 70 में से 67 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं 2020 के चुनाव में पार्टी को 70 में से 62 सीट पर जीत मिली। लेकिन इस बार कहा जा रहा है कि पार्टी की राह मुश्किल होने वाली है।
आम आदमी पार्टी के लिए यह चुनाव काफी मुश्किलों भरा बताया जा रहा है। AAP को सत्ता विरोधी लहर से बचने के लिए अपने 70% विधायकों का टिकट काटना पड़ा है। इसके साथ ही मनीष सिसोदिया जैसे दिग्गज नेता को अपनी सीट बदलनी पड़ी है।
गौरतलब है कि दिल्ली की सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा। 8 फरवरी को रिजल्ट की घोषणा की जाएगी। दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को ख़त्म होने वाला है।2020 विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा 6 जनवरी को हुई थी। सभी 70 सीटों पर एक चरण में 8 फरवरी 2020 को वोटिंग हुई थी और नतीजों की घोषणा 11 फरवरी को हुई थी।
साल 2020 में आम आदमी पार्टी ने 62 सीटों पर जीत हासिल की थी, वहीं भाजपा सिर्फ 8 सीटें जीतने में कामयाब रही। आम आदमी पार्टी ने 53.57% वोट शेयर हासिल किया था। कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी।