नई दिल्लीः महाराष्ट्र में केंद्रीय मंत्री अमित शाह की सभी रैलियां रद्द कर दी गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री नागपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। दरअसल, शाह आज महाराष्ट्र में चार जनसभाओं को संबोधित करने वाले थे, लेकिन अचानक यह खबर सामने आई है। ऐसा क्यों हुआ, इसका कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
अमित शाह गढ़चिरौली, वर्धा, काटोल और सांवेर में चुनावी रैलियां करने वाले थे। वे नागपुर के रेडिसन ब्लू होटल में ठहरे थे। उन्हें आज सुबह करीब 11 बजे गढ़चिरौली में जनसभा के लिए निकलना था, लेकिन अचानक पता चला कि उनका दौरा रद्द हो गया है। शाह की जगह अब स्मृति ईरानी इन जगहों पर चुनावी रैलियां करेंगी।
मणिपुर हिंसा के चलते दिल्ली लौटे
सूत्रों की मानें तो मणिपुर की घटना के चलते अमित शाह अचानक अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली लौट गए। उनकी अनुपस्थिति में स्मृति ईरानी और शिवराज सिंह चौहान उसी समय पर रैली करेंगे और ये दोनों नेता जनता को संबोधित करेंगे। अमित शाह की चार सभाओं में से 2 स्मृति ईरानी और 2 शिवराज सिंह चौहान करेंगे।
कहां होनी थीं जनसभाएं
भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह की पहली जनसभा रविवार को सुबह 11 बजे गढ़चिरौली विधानसभा क्षेत्र में होनी थी। उन्हें यहां छत्रपति शिवाजी कॉलेज ग्राउंड में लोगों को संबोधित करना था। इसके बाद अमित शाह को दोपहर 12:45 बजे से वर्धा विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करना था। वर्धा के बाद केंद्रीय गृह मंत्री को कटोल विधानसभा क्षेत्र जाना था और वहां करीब 2:15 बजे से जनसभा को संबोधित करना था। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करनी थी।
ये भी पढ़ेंः- हिजबुल्लाह ने फिर बनाया नेतन्याहू को निशाना, इजरायल में घर के पास दागी 2 मिसाइलें