नई दिल्ली: बिहार की राजधानी पटना में भीषण सड़क हादसा हो गया है। पटना के मसौढ़ी में रविवार देर रात बालू लदे ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। इस घटना में ऑटो सवार 7 लोगों की मौत हो गई। टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां पानी भरे गड्डे में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा कल देर रात पटना के मसौढ़ी में नूरा पुल पर हुआ है। इस हादसे को लेकर मसौढ़ी अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) ने सोमवार को बताया कि कल देर रात पटना के मसौढ़ी में नूरा पुल पर एक ट्रक और टेम्पो की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक और टेम्पो दोनों पुल से नीचे गिर गए। इस हादसे के बाद आस-पास के स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाया गया। इस हादसे को लेकर अधिकारियों ने बताया कि सभी पीड़ितों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। एसडीपीओ ने बताया कि टक्कर के कारण सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। एसडीपीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑटो में जो लोग सवार थे वे सभी मजदूर थे। सभी मजदूर काम खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे। जैसे ही वह पटना से मजदूरी करने के बाद तारेगना स्टेशन पर उतरे थे। यहां से ऑटो से ये लोग घर लौट रहे थे। इस बीच पितवांस की ओर से जा रहे बालू लदे ट्रक का एक्सेल टूट गया और ट्रक असंतुलित होकर ऑटो से टकरा गया।
इस दुर्घटना पर रवि प्रकाश, मुखिया, सहवां पंचायत ने कहा, “यह घटना बहुत दुखद है, इस दुर्घटना में मारे गए सभी लोग यहां पास की ही शाहाबाद पंचायत और चर्मा पंचायत के श्रमिक थे। मुखिया, सहवां पंचायत ने कहा कि इस लापरवाही से 7 लोगों की जान चली गई है, इतनी बड़ी घटना हो गई है लेकिन अभी तक कोई बड़ा अधिकारी नहीं आया है। आम लोगों की मांग है कि डीएम घटनास्थल पर आएं तब तक हम शव को उठने नहीं देंगे। मृतकों के परिवारों को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा मिले। इसके अलावा अभी तक 3 लोग लापता हैं।
Also Read…